हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोहल्ला केशवनगर फूटी लाइन में पति-पत्नी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने कमरे में आग लगा दी। आग में कपड़े, बेड व एलईडी जलकर राख हो गई। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि शाम करीब पौने सात बजे कोतवाली पुलिस को मोहल्ला केशवनगर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। रेलवे रोड चौकी प्रभारी सूरजपाल सिंह पुलिसबल के साथ मोहल्ले में पहुंचे। जांच के दौरान खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद होने पाया गया। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले महिला के सास-ससुर गांव में गाय बेचकर मोहल्ले में आकर उनके साथ रहने लगे थे। खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह भी खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद पति के काम पर चले जाने से मामला शांत हो गया था। रविवार की शाम जब वह घर पहुंचा तो एक फिर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने जाकर कमरे में आग लगा दी। इसमें बेड, कपड़े व एलईडी आदि जलकर राख हो गई। सीओ ने बताया कि अभी संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।