गाजियाबाद। 23 फरवरी की शाम शास्त्रीनगर से अंतरिक्ष शर्मा का अपहरण कर ले जाने के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, उधार लिए 30 हजार रुपये चुकाने से मना करने पर अंतरिक्ष का दोस्तों ने ही अपहरण किया था। अपहरण कर गोविंदपुरम के एक मकान में चार घंटे तक बंधक बनाए रखा और जमकर पीटा।
डीसीपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल चौधरी निवासी गोविंदपुरम, शिवा निवासी मसूरी, सहदेव निवासी अगौता बुलंदशहर, अलीगढ़, प्रशांत निवासी छतारी बुलंदशहर, रविन शर्मा निवासी विष्णु एंक्लेव, कविनगर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पांडवनगर निवासी अंतरिक्ष ने 24 फरवरी को कविनगर पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसका 23 फरवरी की शाम को राहुल चौधरी, शिवा व अन्य ने कार में अपहरण कर लिया। उसको गोविंदपुरम में बंधक बनाकर पीटा गया।
इस दौरान पड़ोसी आ गए तो आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी राहुल ने पुलिस को बताया कि अंतरिक्ष से उसकी गहरी दोस्ती थी। तभी अंतरिक्ष ने उससे 30 हजार रुपये उधार लिए थे। लंबे समय से ववह रुपये देने से मना कर रहा था, इसलिए वह उसको कार में उठाकर ले गए थे। पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि आरोपी सहदेव पर महिला से छेड़खानी का एक मुकदमा दर्ज है। अन्य किसी आरोपी पर पहले कोई मुकदमा नहीं है।