हापुड़। मंडी प्रकरण में बुधवार को भी आढ़तियों की हड़ताल जारी रही। आढ़तियों ने व्यापारिक संगठनों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर, डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लूट एवं मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाने और प्रकरण की जांच उच्चस्तरीय अधिकारी से करवाने की मांग की। वहीं मामले में डीएम ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से अध्यक्ष ललित अग्रवाल और हापुड़ स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन गुप्ता ने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों से आढ़तियों का मधुर व्यवहार रहता है। लेकिन कुछ किसानों ने जिस तरह आढ़तियों से मारपीट और अभद्रता की है वह निंदनीय है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप गर्ग, हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष बिजेंद्र पंसारी ने कहा कि 15 अक्तूबर को कुछ किसानों ने आढ़तियों के साथ मारपीट की और लूटपाट की मंशा से सोने की चेन छीन ली। इस मामले में आढ़तियों ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। अगले ही दिन किसानों की तहरीर पर दो आढ़तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एक पक्षीय कार्रवाई का व्यापारी विरोध करते हैं। व्यापारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की रिपोर्ट तत्काल लिखवाने, आढ़तियों पर दर्ज रिपोर्ट वापस लिए जाने, धान मंडी में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित कराने की मांग की। डीएम ने व्यापारियों को आश्वस्त किया। इसके बाद व्यापारियों ने एसपी से मिलकर अपनी मांगे रखीं। इस मौके पर सोनू बंसल, दीपांशु गर्ग, अशोक बबली, संजय गर्ग, सुमित कंसल, विजेंदर गर्ग, गौरव गोयल, संजय डाबर, मनीष सिंघल, कपिल अग्रवाल, नितिन गोयल, इंदु भूषण भोले, संजीव आड़ वाले, धान एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश त्यागी मौजूद रहे।