सिंभावली। क्षेत्र की एक महिला ने युवक पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया। पीड़िता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि एक व्यक्ति से कुछ साल पहले उसकी जान पहचान होने पर पांच हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। जिसके बाद पैसों को वापस लौटा दिया था। इस दौरान उसकी मोबाइल पर बातें होनी शुरु हो गईं, जिसके बाद युवक ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी धमकी देकर कहने लगा कि उसके पास उसका वीडियो है, जिसे वह वायरल कर देगा। जिसकी धमकी देते हुए आरोपी ने अब तक तीन लाख रुपये हड़प लिये। इतना ही नहीं आरोपी ने वीडियो भी वायरल कर दिया, जिससे उसकी बदनामी हो रही है। सिंभावली थाना प्रभारी संजय पांडेय का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, सच्चाई सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।