धौलाना(हापुड़)। गांव सपनावत में कर्ज के कारण पुत्री संग दंपती द्वारा आत्महत्या करने के तीन दिन बाद परिजनों ने थाने में फाइनेंस कंपनी के एजेंटों के खिलाफ तहरीर दी। वहीं, मृतक के परिवार में बचे दोनों भाई अवसाद में हैं। जिन्हें सांत्वना देने के लिए बुधवार को भाजपा के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दल व किसान संगठन के नेता पहुंचे।
31 अगस्त की शाम संजय कुमार ने अपनी पत्नी प्रेमवती और नाबालिग पुत्री समेत जहर खा लिया था। जिससे तीनों की मौत हो गई थी। परिवार में बचे दोनों भाई सदमे में है। चाचा पवन ने बताया कि बुधवार सुबह रिंकू की अचानक हालत बिगड़ गई और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। गुस्से में आकर उसने अपना मोबाइल जमीन पर पटकर तोड़ दिया, वहीं दूसरा भाई भी गुमसुम है।
दोपहर को सीओ स्तुति सिंह मृतकों के परिजनों से मिली और कुछ देर बाद मुलाकात कर लौट गईं। जिसके बाद शाम को परिजन चौकी पहुंचे और फाइनेंस कंपनी के दो नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में फाइनेंस कंपनी के एजेंटों को ही जिम्मेदार ठहराया है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
मृतक परिवार को दी सांत्वना
धौलाना। घटना के तीन दिन बाद जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, ब्लाक प्रमुख निशांत सिसौदिया व मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बुधवार सुबह दस बजे सपनावत स्थित मृतक संजय सिंह के परिजनों से मिले। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जाएगी। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव ललित राणा ने कहा कि माइक्रोफाइनेंस समूह के ऐसे ऐजेंटों को चिह्नित किया जाएगा जो गरीबी का दंश झेल रहे ऐसे और परिवारों को निशाना बना रहे हैं। इस दौरान संगठन के मेरठ मंडल प्रवक्ता रामौतार सिसौदिया, डॉ वकील अहमद, ब्रहम सिंह मौजूद रहे।