हापुड़। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एक गुरुद्वारे में कार्यरत एक व्यक्ति व उसके भतीजे को कनाड़ा भेजने के नाम पर दिल्ली निवासी दपंती ने उनसे एक करोड़ रुपये ठग लिए। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला मेरठ के थाना किला परीक्षितगढ़ के गांव आलमगीरपुर बढ़ला व हाल निवासी तहसील चौपला गुरुद्वारा निवासी जसविंद्र सिंह ने बताया कि वह तहसील चौराहा स्थित एक गुरुद्वारे में चालक की नौकरी करता है। अगस्त माह 2022 में उसके भतीजे मंजीत सिंह ने उसकी मुलाकात दिल्ली के लाजपत नगर के कस्तूरबा निकेतन निवासी विनय राय व इसकी पत्नी आकांक्षा से कराई। दंपती ने उसे कनाडा में चालक की नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। आरोपी दंपती ने नौकरी दिलवाने की ऐवज में उससे भिन्न-भिन्न तारीखों में अपने खाते में 28 लाख रुपये एनईएफटी के माध्यम से करा लिए। पिछले छह माह से आरोपी दंपती पीडि़त को टरका रहे हैं और उसका फोन भी नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद पीडि़त ने अपने भजीते से संपर्क किया तो उसने बताया कि आरोपी दंपती उससे भी कनाड़ा भेजने के नाम पर 72 लाख रुपये ठग लिए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर दिल्ली निवासी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-