गढ़मुक्तेश्वर। गलत रिपोर्ट देने की शिकायत के बाद जांच समिति द्वारा नगर के स्याना मार्ग पर स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटर का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर सील करने की कार्रवाई की।
डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश भारती ने बताया कि 31 मई को नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उल्लेख किया गया था कि वह पेट में परेशानी होने के चलते चिकित्सक की सलाह पर नगर के स्याना रोड पर संचालित बीएमआर सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए गया था। जांच रिपोर्ट मिलने वह अचंभित रह गया। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में उसके गर्भाश्य में दिक्कत का उल्लेख किया गया था। डॉ. दिनेश भारती ने बताया कि शिकायत पर उच्चाधिकारियों ने टीम का गठन किया। जांच में मामला सही पाया गया। जिसके बाद हुई पीसीपीएनडीटी जनपदीय सलाहकार समिति की बैठक में बीएमआर अल्ट्रा साउंड सेंटर का पंजीकरण निरस्त करने का निर्णय लिया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग को सेंटर सील करने की कार्रवाई का निर्देश दिया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पहुंची टीम ने सेंटर पर सील की कार्रवाई की है।