गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र से मरीज को लेकर गढ़ अस्पताल जा रही 102 एंबुलेंस का अचानक से टायर फट गया, जिससे एंबुलेंस पलटने से बच गई।
राष्ट्रीय मानव सेवा संगठन राष्ट्रीय प्रवक्ता विकार अहमद ने बताया कि शुक्रवार को वह किसी काम से पलवाड़ा की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में अचानक से एक एंबुलेंस का टायर फटने की तेज आवाज आई। उन्होंने बताया कि टायर फटने के दौरान एंबुलेंस पलटने से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन गनीमत रही कि कोई हादसे नहीं हुआ। इस दौरान एंबुलेंस में एक आशा कार्यकर्ता अपने साथ दो महिलाओं को गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जा रही थी, टायर फटने के बाद वह एंबुलेंस से नीचे उतर गए और सड़क किनारे बैठ गए। एंबुलेंस चालक महेंद्र पाल ने बताया कि एंबुलेंस में कोई स्टेपनी भी नहीं है। दूसरी एंबुलेंस के आने के इंतजार में करीब आधा घंटे तक मरीज बैठे रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश भारती का कहना है कि एंबुलेंस की देखरेख करने वाले अधिकारी को पत्र भेजकर समुचित व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए जाएंगे।