सिंभावली। क्षेत्र के गांव सिखैड़ा निवासी गुलशन ने थाने में तहरीर दी है। महिला ने बताया कि जनपद मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र निवासी तीन लोगों ने उनके बेटे शाहरान को सऊदी अरब में नौकरी दिलवाने की बात उनसे की थी। आरोपियों ने नौकरी दिलाने के लिए दो लाख रुपये मांगे। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने यह भी शर्त रखी कि सऊदी जाने के बाद उनके बेटे को तीन माह तक कोई पैसा नहीं मिलेगा, इसके बाद उसे वेतन मिलना शुरू हो जाएगा। यदि कंपनी वेतन नहीं देगी, तो वह लोग दो साल का भुगतान करेंगे। इसके बाद करीब 14 महीने पहले उन्होंने अपने बेटे को सऊदी अरब भेज दिया। लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली। जब उन्होंने आरोपियों से बेटे को वापस बुलाने को कहा, तो उन्होंने मना कर दिया। दो लाख रुपये मांगने पर अभद्रता करने पर जान से मारने और बेटे को सऊदी में ही झूठे मुकदमे में फंसवाने की धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।