कुचेसर चौपला। नेशनल हाईवे-9 के नए बाईपास पर बुधवार शाम को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित सतगुरु ढाबे के पास दो तेज रफ्तार कार आपस में टकरा गईं। हादसे में अल्टो सवार पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू किया। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम एक अल्टो कार हापुड़ से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रही थी तभी कुचेसर रोड चौपला के पास पीछे से दूसरी कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर से अल्टो कार में सुरेंद्र सिंह उनकी पत्नी रामसुता और पुत्र शौर्य निवासी सैदपुर, जिला संभल गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरी कार में सवार चालक मोहित, पूर्वेंद्र और अमित यादव निवासी ओल्ड राजेंद्र नगर दिल्ली को भी चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल कुचेसर चौपला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से चलवाया। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, फिलहाल किसी की ओर से शिकायत नहीं मिली है।