हापुड़। अलीगढ़ से मेरठ जा रही यात्रियों से भरी ग्वालियर डिपो की बस सोमवार दोपहर हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर बड़ा मदरसा के पास ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इसमें 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बस से निकालकर अस्पताल में भर्ती किया।
बस में सवार बबली, रोहित, चमन ने बताया कि मेरठ जाने के लिए वह अलीगढ़ से बस में सवार हुए थे। जैसे ही हापुड़ में प्रवेश किया बुलंदशहर रोड पर सामने से आ रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फट गया । इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था की बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में 20 से अधिक लोग घायल हो गए। राहगीरों ने बस में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। जिन मरीजों की हालत गंभीर थी, उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बीएसए कार्यालय के डीसी एमडीएम प्रदीप कुमार सिंह ने तीन मरीजों को गढ़ रोड सीएचसी में भर्ती कराया। बाकी मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। उधर, चालक ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर का टायर फटने से यह हादसा हुआ। चालक की तलाश की जा रही है, घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।