हापुड़। अपर सत्र न्यायाधीश/ विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट की अदालत ने नाबालिग से छेड़छाड़ करने के आरोपी को दोषी करार दिया है। दोषी को तीन वर्ष सश्रम कारावास व दस हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। पीड़िता ने दो जुलाई 2021 को सिंभावली थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि वह एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं की छात्रा है। दो जुलाई 2021 को वह अपने घर से जंगल में घास लेने जा रही थी। सुबह करीब दस बजे जब वह चमन के खेत के पास पहुंची तो उनके गांव का ही इरकान उसे मिला और जबरदस्ती उसका हाथ पकड़ कर खींच लिया। पीड़िता ने शोर मचाया तो इरकान उसका हाथ छोड़कर भाग गया। पीड़िता ने घर आकर यह बात अपने माता पिता को बताई। इसके बाद वह परिजन के साथ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले की जांच कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश / विशेष न्यायाधीश(पाॅक्सो एक्ट) ज्ञानेंद्र सिंह यादव ने अभियुक्त इरकान का सजा सुनाई।