हापुड़। मुरादाबाद मंडल के अलगावन रेलवे स्टेशन पर लूप लाइन पर कार्य के चलते तीन ट्रेनों का संचालन रद्द रहा। वहीं पद्मावत, सद्भावना एक्सप्रेस सहित करीब आठ ट्रेन घंटों की देरी से पहुंची। ऐसे में यात्रियों को प्लेटफार्म पर ही घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
रेलवे लाइन पर मरम्मत कार्य चलते शनिवार को मेरठ से लखनऊ के बीच चलने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस, नई दिल्ली से बनारस को जाने वाली कांशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व सहारनपुर से प्रयागराज के बीच चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस निरस्त रही। चार जुलाई तक तीनों ट्रेनों का संचालन निरस्त रहेगा। जबकि रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस नौ घंटा, प्रतापगढ़ से पुरानी दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, आनंद विहार से कामाख्या विकली एक्सप्रेस सात घंटे, मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाली मेमू ट्रेन एक घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा माल्दा टाऊन से आनंद विहार जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन, रक्सौल जंक्शन से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा, बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस बरेली से नई दिल्ली के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आधा घंटे की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधीक्षक अजब सिंह का कहना है कि रेलवे लाइन पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया है। जल्द ही ट्रेनों की स्थिति में सुधार किया जाएगा।