गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट गंगा में स्नान के दौरान डूबे युवकों को गोताखोरों ने बचा लिया। दल नायक राजमल केवट ने बताया कि बुधवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी निवासी राजू, नरेश और गौरव निवासी अमरोहा गंगा स्नान कर रहे थे। घंटाघर के सामने स्नान के दौरान तीनों स्नानार्थी गहरे जल में पहुंच गए, जहां तेज बहाव के कारण डूब गए। घाट किनारे बैठे अन्य श्रद्धालुओं ने युवकों को डूबते देख शोर मचा दिया। जिसके बाद वहां मौजूद गोताखोर राजमल केवट, दीपचंद केवट, जितेंद्र और रोहताश ने गंगा में छलांग लगा दी और सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया। युवकों के परिजनों ने गोताखोरों के कार्य की सराहना की।