हापुड़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय गोयल के पुत्र विवेक गोयल को गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है, पीड़िता का कहना है कि उधार दिए रुपये मांगने पर आरोपी धमकी दे रहा है। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नवज्योति कालोनी निवासी व्यापारी विवेक गोयल ने थाना हापुड़ देहात में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि मूल रूप से सिंभावली और वर्तमान में आनंदम रोड गाजियाबाद में रहने वाले एमआर इन्ट्राटेक कंपनी के प्रोपराइटर व पार्टनर देवेंद्र शर्मा के साथ एक एमओयू तैयार करके अपनी फर्म के माध्यम से कुछ रुपये दिए गए थे। इसका लिखित करार 30 जुलाई 2011 को हुआ था। उन्होंने बताया कि देवेंद्र शर्मा एमआर पोक्यो रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड गाजियाबाद का अधिकृत ब्रोकर व पार्टनर भी है। जरूरत पड़ने पर उन्होंने अपने फोन से संदेश द्वारा और फोन करके देवेंद्र शर्मा से 13 अप्रैल की दोपहर रुपयों की मांग की। आरोपी द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा व गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने व परिवार को सुरक्षा प्रदान कराए जाने की मांग की है। सीओ अशोक कुमार सिसौदिया का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।