हापुड़। क्षेत्र में चल रहे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कार्य के दौरान एक व्यक्ति पर कार्य रुकवाने और रंगदारी मांगने का आरोप है। गांव अच्छेजा के बिजेंद्र भाटी ने बताया कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण कार्य एलएनटी कंपनी करा रही है। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर में रेलवे स्टेशन बन रहा है। लिंक रोड से स्टेशन तक के मार्ग को बनाने का वर्क आर्डर कंपनी ने उसे दिया है। वह रास्ते पर मिट्टी डलवाने का काम कर रहा है। कुछ दिन पहले गांव गिरधरपुर के कुलदीप बाना उर्फ बब्बल ने उससे तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर पीड़ित को गोली मारने की धमकी दी। 22 अगस्त की रात 11 बजे आरोपी ने डंपर और कर्मचारियों को बंधक बनाकर मिट्टी डलवाने का काम बंद करा दिया। दो दिन में रुपये देने का आश्वासन देने पर आरोपियों ने कर्मचारियों को छोड़़ा। मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।