गढ़मुक्तेश्वर। गुरुद्वारा के पास पुलिस पैकेट के सामने एक मोबाइल की दुकान और सैलून में चोरों ने कूमल कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर निवासी इरशाद ने बताया कि वह गुरुद्वारे के सामने गढ़ चौपला पर मोबाइल की दुकान करता है। रोजाना की तरह सोमवार की देर शाम को दुकान पर ताला लगाकर घर चला गया था। सुबह होने पर मंगलवार को जब दुकान पहुंचा तो देखा कि पीछे की तरफ से दुकान की दीवार कटी हुई थी, चोरों ने कूमल कर दुकान में रखे करीब 60 छोटे-बड़े मोबाइल और 20 हजार की नकदी चोरी कर ली थी। वहीं, 60 मोबाइलों की कीमत एक लाख से अधिक की है। वहीं सैलून की दुकान करने वाले सुलेमान ने बताया कि 2 से 3 हजार का सामान चोरी हुआ है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है, आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
चोरी की घटना रोकना बना चुनौती
नगर के विभिन्न स्थानों पर चोरी की घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिनमें कई मामलों में खुलासा नहीं हो पा रहा है। गढ़ पुलिस के लिए चोर चुनौती बन रहे हैं।