पिलखुवा। शहर के लोहा व्यापारी व भाजपा नेता की दुकान से चोरों ने नकदी व सामान चोरी कर लिया। हाईवे किनारे हुई घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त के दावों की पोल खोल दी है। इससे व्यापारियों में रोष है। पीड़ित व्यापारी ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारी सुनील कुमार गर्ग की हाईवे किनारे लोहा, सीमेंट एवं हार्डवेयर की दुकान है। रोजाना की तरह मंगलवार की शाम वह दुकान बंद कर घर गए थे। चोरों ने पड़ोसी के निर्माणाधीन अहाते से सीढ़ी लगाकर दुकान में कूमल कर लिया। वहीं दुकान में रखी नकदी व पीतल की दो मूर्ति के अलावा सामान चोरी कर लिया। बुधवार सुबह दुकान खोलने पर व्यापारी को चोरी की घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। व्यापारी नेता संजय बंसल अकेला का कहना है कि पुलिस रात्रि गश्त के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि दुकान एवं आसपास और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।