पिलखुवा। भाजपा नेता के गोदाम में तीन दिन पूर्व हुई करीब 54 लाख कीमत की प्लेट चोरी का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। घटना के बाद से व्यापारियों में रोष बढ़ रहा है।
मोहल्ला पुरा निवासी सुनील गर्ग का पुत्र गौरव गर्ग एयरटेल कंपनी के टॉवर लगाने का काम करता है, जिसका उन्होंने धौलाना रोड स्थित सिखेड़ा पुलिस चौकी के पास रजवाहे किनारे गोदाम बनाया हुआ है। मंगलवार की रात चोरों ने गोदाम से मोबाइल टॉवर बनाने में प्रयोग होने वाली 54 प्लेट चोरी कर ली। व्यापारी के अनुसार एक प्लेट की कीमत एक लाख है। घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। तीन दिन बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है। एसएचओ अखिलेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है, कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।