गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र के मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास 15 फरवरी को झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, अर्धविक्षिप्त महिला की दुष्कर्म के विरोध में सिर में पत्थर मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपी जोनी निवासी कंदौली, पिलखुवा, हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया है। जोनी हाल ही में एक किशोरी को भगाकर ले जाने के मामले में जेल से छूटकर आया था।
डीसीपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 15 फरवरी को मैनापुर औद्योगिक क्षेत्र में फाटक के पास झाड़ियों में महिला का शव मिला था। पुलिस तभी से छानबीन में जुटी थी। महिला की पहचान होने पर पता चला कि वह अर्धविक्षिप्त थी। मोबाइल सर्विलांस, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर जोनी की भूमिका पर संदेह गहराया। वह एक कार्बन कंपनी में लोडिंग अनलोडिंग का काम करता था। पास में ही किराये पर रहता था।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी की शाम को वह ड्यूटी से घर जा रहा था। तभी उसको महिला कूड़ा एकत्र करती मिली। वह उससे बात करनी चाह रहा था तो महिला उसको गाली देने लगी। इसके बाद वह फाटक के पास गया और शराब पीकर दोबारा वहां पहुंच गया। तभी वह महिला को दुष्कर्म करने की नीयत से झाड़ियों में ले गया। महिला उससे भिड़ गई थी, वह दुष्कर्म करने में नाकाम रहा। कहीं महिला उसकी पहचान किसी को न बता दे, इसलिए उसने सिर में पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।
सजा दिलाने के लिए होगी कड़ी पैरवी
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। सिर में चोट लगने और खून बहने से महिला की मौत होने का कारण सामने आया है। जल्द ही आारोपी के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस के स्तर पर कोर्ट में कड़ी पैरवी की जाएगी।