हापुड़। थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव गिरधरपुर स्थित सरकारी विद्यालय की सहायक अध्यापिका के जीवित पति को मृत बताकर किसी ने उनके मोबाइल नंबर को बंद करा दिया। सिम कंपनी के कार्यालय में शिक्षिका के पति का फर्जी आधार कार्ड व मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराकर जमा कराया गया। पीड़िता ने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गाजियाबाद की सिटी अपार्टमेंट आदित्य वर्ल्ड सिटी निवासी अलका देवी ने बताया कि थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव गिरधरपुर तुमरैल स्थित सरकारी विद्यालय में सहायक अध्यापिका है। 30 जुलाई 2023 को उनके पति भगीरथ का मोबाइल फोन बंद हो गया। सिम कंपनी के स्टोर पर पता चला कि पर्सनल आईडी लीक होने के कारण किसी ने उनके पति के मोबाइल फोन को खोया हुआ दिखाकर नंबर बंद करा दिया है। दोबारा नंबर चालू कराने की बात करने पर कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें इसके लिए मेरठ कार्यालय पर संपर्क करना पड़ेगा। मेरठ जाकर पता चला कि उनके पति को मृत दिखाकर किसी ने मोबाइल नंबर बंद कराया है। किसी उमेश नाम के व्यक्ति ने इस नंबर को दोबारा जारी करने के लिए हापुड़ तहसील के निकट कंपनी के कार्यालय पर आवेदन किया है। उसने उनके पति का फर्जी आधार कार्ड तथा मृत्यु प्रमाण पत्र भी वहां जमा किया है। जिसमें पति की मृत्यु का स्थान जिला बुलंदशहर के अख्तियारपुर का दिखाई गया है। मृत्यु प्रमाण पत्र जिला व तहसील आगरा से जारी कराया है। जिसमें बच्चों के नाम से फर्जी आधार कार्ड भी तैयार कराकर कार्यालय में जमा कराए हैं। पीड़ित ने उनके परिवार की हत्या करने का अंदेशा जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी की पहचान की जा रही है।