सिंभावली। गांव हिम्मतपुर निवासी शाहबुद्दीन ने थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है उसका बेटा जैद सिंभावली में स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। जो मंगलवार को रोजाना की तरह कॉलेज गया था। कक्षा से अध्यापक की अनुमति लेकर वह पानी पीने के लिए जा रहा था। पानी पीने के लिए जाते समय दूसरे अध्यापक ने उसे रोक लिया। जिसने जैद के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसकी डंडे से पिटाई की। वहीं पिटाई के बारे में परिजनों को बताने पर कॉलेज से उसका नाम काटने और प्रयोगात्मक परीक्षा में अंक न देने की धमकी भी दी। पीडि़त ने आरोपी अध्यापक को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।