हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में रविवार की शाम को हुए उपद्रव और पथराव के मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने गढ़ गेट पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा और दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। उधर पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वहीं मंगलवार को पुलिस ने पांच और आरोपियों को चिन्हित कर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने पर गढ़ गेट पुलिस चौकी प्रभारी दिलशाद चौधरी, हैड कांस्टेबल मुकेश कुमार और कांस्टेबल जयवीर गौतम को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिसकर्मियों पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप है।
मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में एक जुलाई की शाम रास्ते में चारा पड़ा होने के कारण दो परिवारों में विवाद हो गया था। उस समय पुलिस ने मामले को शांत करा दिया था। लेकिन रविवार की शाम को एक बार फिर से विवाद हो गया। आरोपियों ने छत पर चढ़कर जमकर पथराव किया, मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। आनन-फानन में पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत कराया था। पुलिस ने इस मामले में दस नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आठ आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया था, जबकि देर रात चार सरफराज, स्वालीन पुत्रगण सलीम, सलीम पुत्र कलीम निवासी किलाकोना व रिजवान पुत्र इकबाल निवासी कोटला मेवतियान की पहचान कर आरोपियों पर दस दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जबकि कुछ और आरोपियों पर दस दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनमें पोपी पुत्र हारुन, आदिल पुत्र रईस, शाहनवाज पुत्र सलीम व आमिर पुत्र सलीम, शहजाद पत्र कलवा शामिल हैं।
मामले में अभी तक 13 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार-
मामले में अभी तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी काली मस्जिद किला कोना थाना हापुड़ नगर निवासी अमन, स्वालीन, सलीम, सरफराज, मोहल्ला कोटला मेवतियान थाना हापुड़ नगर जनपद हापुड निवासी रिजवान को गिरफ्तार कर लिया।
कोट -
पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- मुकेश चंद मिश्रा, एएसपी।