ब्रजघाट। कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो स्कूटी पर सवार चार लोगों को 12 लाख रुपये कीमत के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की रात को पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली की एक स्कूटी पर सवार दो लोग गांजे के साथ घूम रहे है। पुलिस ने सूचना के आधार पर बदरखा फ्लाईओवर के निकट से स्कूटी सवार नसीम ऊर्फ चांदी, निवासी पटाखे वाली गली गाजियाबाद, आरिफ अली निवासी लिसाड़ी गेट मेरठ को 20 किलो गांजे के साथ पकड़ लिया। इसके अलावा ब्रजघाट के पलवाड़ा मार्ग से भी पुलिस ने नदीम निवासी लिसाड़ी गेट मेरठ और अमित कुमार निवासी नंदनगरी दिल्ली से 20 किलो ग्राम गांजा बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चारों आरोपियों के पास से बरामद 40 किलो गांजे की कीमत 12 लाख रुपये है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है।