हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बहरामपुर बाढ़ली में अवैध रूप से पशु कटान कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक सुनीता मलिक ने बताया कि रविवार को उपनिरीक्षक महंतनाथ यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गांव बहरामपुर बाढ़ली स्थित मस्जिद के पास एक पेड़ के नीचे कुछ लोग एक भैंस का कटान कर रहे थे। पुलिस ने दो लोगों को दबोच लिया। जबकि दो फरार हो गए। मौके से कटान में प्रयुक्त उपकरण, मृत भैंस के अवशेष बरामद किए। पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलवाया। टीम ने जांच के लिए सैंपल लेकर अवशेषों को जमीन में दफना दिया गया। गिरफ्तार आरोपी बहरामपुर बाढ़ली निवासी अब्बुल हसन व असलम हैं। जबकि शकील व अफलातून फरार हैं।