पिलखुवा। नगर के मोहल्ला अब्दुल हमीद चौक में नगर पालिका की टंकी से दूषित पानी आ रहा है, जिसके पीने से अब तक छह लोग बीमार हो चुके हैं। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से लोगों में रोष है।
लोगों का कहना है कि करीब एक सप्ताह से पालिका की टंकी से दूषित पानी आ रहा है। जिसे पीने से इमरामुद्दीन, एहसान, नाजिम, सलीमुद्दीन, ग्यासुद्दीन और चांद बीमार हो गए हैं। करीब तीन दिन पहले इन्हें पेट दर्ज और दुखन की शिकायत हुई, जिसे बाद उल्टी-दस्त हो गए। चिकित्सक से दवा लेकर सही हुए। डाक्टर ने शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। लोगों का आरोप है कि दूषित पानी के संबंध में कई बार पालिका के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं की गई है।
टंकी की नहीं होती सफाई
लोगों का कहना है कि लंबे समय से पालिका द्वारा टंकियों की सफाई नहीं कराई गई है। जिसे पीने से लोग बीमार बीमार हो रहे है। आए-दिन जर्जर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होती रहती है। जिसके चलते बारिश व नाले का पानी पाइप लाइन में चला जाता है।
पालिका की टंकी का पानी पीने से तीन दिन पहले उल्टी-दस्त और पेट दर्द की समस्या बनी। जिस पर डाक्टर की दवा खाकर सही हुआ। डाक्टर ने शुद्ध पानी पीने की सलाह दी है। - इकरामुद्दीन, बीमार, स्थानीय निवासी।
पहले पेट दुखन और दर्द की शिकायत हुई, अगले दिन उल्टी-दस्त शुरू हो गए। चिकित्सक ने बताया कि दूषित पानी का सेवन करने से समस्या हुई है। अब हैंडपंप का सहारा ले रहे हैं। - नाजिम, बीमार, स्थानीय निवासी।
टंकियों की सफाई के दिए हैं आदेश
नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाली सभी पानी की टंकियों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। सफाई का काम चल भी रहा है। लेकिन दूषित पानी सप्लाई का मामला संज्ञान में नहीं है, शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। - विभु बंसल, पालिकाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पिलखुवा।