गाजियाबाद से आई जीएसटी विभाग से जुड़े विशेष अनुसंधान शाखा (एसआइबी) की 40 सदस्यीय टीम ने शनिवार को हापुड़, धौलाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित मुर्गीदाना फैक्टरी व नोएडा स्थित कार्यालय समेत पांच स्थानों पर एक साथ छापा मारा। आरोपी तीन फर्म के माध्यम से बोगस बिल पर खरीद फरोख्त कर रहे थे। देर शाम तक जारी कार्रवाई के दौरान एक करोड़ रुपये से ऊपर की टैक्स चोरी की आशंका बताई जा रही है। देर शाम तक टीम की कार्रवाई जारी थी।
टीम का नेतृत्व कर रहे डिप्टी कमिश्नर दीपांकर ने बताया कि दोपहर के समय फैक्टरी और हापुड़ गद्दा पाड़ा सलमान कुरैशी व इरशाद कुरैशी की कुल चार फर्म हैं। जिनमें एलएमएस फूड प्राइवेट लिमिटेड, सारा एक्स प्राईवेट लिमिटेड, एएस ट्रेडिंग कंपनी और फूड ग्रेन शामिल हैं। टीम ने शनिवार को हापुड़ में गद्द पाड़ा इनके निवास, धौलाना एमजी रोड स्थित तीन फैक्टरियों व नोएडा स्थित एक अन्य कार्यालय पर एक साथ छापा मारा।
हापुड़ में करीब सात गाड़ियों से 40 अधिकारी कर्मचारी कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इस दौरान टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी मौजूद था। टीम ने पांचों स्थानों पर दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल आदि कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि शिकायत मिली थी कि पिछले कुछ वर्षों से खरीद-फरोख्त से लेकर बिलों के माध्यम से टैक्स चोरी की जा रही है। काफी दिनों से टीम कारोबारी की निगरानी कर रही थी। अभी तक की जांच में कुछ खामियां मिली हैं। अभी तक की जांच में करीब एक करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी का पता चला है। मामले में जांच पूरी होने के बाद जुर्माना लगाया जाएगा। देर शाम तक जांच जारी थी।
कार्रवाई से दूसरे कारोबारियों की धड़कनें हुईं तेज
कुछ दिन शांति रहने के बाद अब कारोबारियों के यहां पड़ रहे छापे से अन्य कारोबारियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। पिछले वर्ष तेल कारोबारी के यहां आयकर विभाग की टीम ने चार दिन तक अभी तक की सबसे लंबी कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर कार्रवाई से कारोबारियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। दूसरे कारोबारियों को भी कार्रवाई का डर सता रहा है। मार्च माह में बर्तन फैक्टरी पर छापा मारा गया था, इसके बाद कार्रवाई धीमी होने से कारोबारी कुछ राहत महसूस कर रहे थे।
पिछले कुछ दिनों में जिले में इन दिनों में हुई कार्रवाई -
-24 दिसंबर 2021: गढ़ रोड स्थित प्लाईवुड फैक्टरी पर छापा, 1.5 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी
-7 मई 2022: जवाहर गंज में केबल व स्टील फैक्टरी पर छापा, 1.26 करोड़ की टैक्स चोरी
-एक जून 2022: हापुड़ में तेल कारोबारी के यहां आयकर विभाग का छापा
-पांच जून 2022: मेरठ रोड स्थित मेटल कारोबारी के यहां छापा, 25 लाख की टैक्स चोरी पकड़ी
-28 जुलाई 2022: धौलाना यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में पैकेजिंग कंपनी पर छापा, 1.80 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी
-09 सितंबर 2022: चर्बी कारोबारी के आवास विकास स्थित घर और धौलाना कंपनी पर छापा, 1.08 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी।
-15 सितंबर 2022: मेरठ रोड देव पैकेंजिंग कंपनी पर छापा मारा, 1.42 करोड़ की चोरी पकड़ी।
-19 अक्तूबर 2022: कसेरठ बाजार में बर्तन कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर छापा, एक करोड़ का माल किया सीज।
-07 दिसंबर 2022: पिलखुवा में चार स्थानों पर जीएसटी का छापा, डेढ़ करोड़ से अधिक की कर चोरी पकड़ी।
-07 जनवरी 2023: ततारपुर स्थित प्लाईवुड फैक्टिरयों पर छापा, डेढ़ करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी।
-25 मार्च 2023: धीरखेड़ा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में बर्तन फैक्टरी पर छापा मारकर टैक्स चोरी पकड़ी
-