हापुड़। रामा मेडिकल कॉलेज में पुलिस फोर्स भेजने के मामले में एसपी अभिषेक वर्मा, एएसपी राजकुमार अग्रवाल और कोतवाल प्रभाकर के स्थानांतरण के बाद डायल 112 पर तैनात उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।
शनिवार को अस्पताल में भर्ती मरीज जुबैदा के पुत्र जावेद की शिकायत पर सबसे पहले डायल 112 पर तैनात उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह ही दो पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने मामले में सीएमएस से मिलने का प्रयास किया। लेकिन उन्होंने मिलने से इन्कार करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को अस्पताल से बाहर निकलवा दिया था। बताया जा रहा है कि दरोगा और सीएमएस के बीच काफी नोकझोंक हुई। इसके बाद दरोगा ने पहले कोतवाल और फिर सीओ को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस की फजीयत होते देख एसपी अभिषेक वर्मा ने एएसपी को पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल भेजा था। ताकि सीएमएस को हिरासत में लिया जा सके। जिसके बाद पूरा प्रकरण हो गया। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने इस मामले में जांच के बाद उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह को भी निलंबित कर दिया है। एक और कार्रवाई से महकमे में अफरातफरी का माहौल है।