हापुड़। मोबाइल एप से लोन लेने के चक्कर में एक दुकानदार इस कदर फंसा कि उसे अब लोन देने वाले ब्लैकमेल कर रहे हैं। पीड़ित चिराग ने बताया है कि उसके पिता की किराने की दुकान है। वह उनके साथ दुकान पर काम करता है। उसको लोन की आवश्यकता थी इसलिए उसने गूगल आदि ब्राउजर पर लोन लेने के संबंध में सर्च किया था। दो मार्च 2023 को उसके पास एक व्हाटसएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उससे कहा कि 50 हजार रुपये का लोन मंजूर हो गया है। जिसके लिए उसे एक एप को डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजा गया। एप को खोलने पर मोबाइल नंबर मांगा गया जो उसने दे दिया। जिसके बाद उसके खाते में 3010 रुपये की तीन किश्त डाल दी गई। 7 मार्च से उसे लोन देने वालों के फोन आने लगे और कहा जाने लगा कि उसे अब प्रत्येक 3010 रुपये पर आपको 5000 रुपये के साथ लोन जमा करना होगा। अगर लोन नहीं जमा किया तो उसके फोन का सारा डाटा उनके पास आ जाएगा, जिसे वे लीक कर देंगे। जिसके बाद उसने तुरंत तीन बार में 3010, 3010 व 3010 रुपये कुल 9030 रुपये जमा कर दिए । इसके बाद भी आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने उसकी अश्लील फोटो बनाकर रिश्तेदारों को भेज दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।