सिंभावली। थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम नयाबांस रेग्यूलेटर के पास चेकिंग के दौरान हापुड़ की तरफ से बाइक पर आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने युवकों को पकडऩे की कोशिश की, तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, लेकिन उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर खेतों में छिपकर फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस टीम ने घायल बदमाश को गिरफ्तार करते हुए उससे पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम रिजवान निवासी मोहल्ला भांडा पट्टी हापुड़ बताया है। जिसके पास से पुलिस टीम को एक तमंचा, एक कारतूस, 13 हजार रुपये समेत बाइक बरामद हुई। सख्ती से की गई पूछताछ में रिजवान ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 20 जून को गांव खुडलिया के पास एक ग्रामीण से 30 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि घायल रिजवान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसके फरार साथी की तलाश में जंगल में कांबिंग की जा रही है।