पिलखुवा। बिजली आपूर्ति को सुचारू कराने के लिए बिजलीघर पहुंचे एसडीएम धौलाना और उनके गनर पर बिजलीकर्मी की पिटाई का आरोप लगा है। जिसे लेकर ऊर्जा निगम के कर्मियों में रोष है।
शनिवार दोपहर परतापुर और खेड़ा बिजली घर की आपूर्ति ठप हो गई थी। बिजली कर्मियों के फोन नहीं उठने पर उपभोक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों और एसडीएम से गुहार लगाई।
ऊर्जा निगम ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता ओपी सिंह ने बताया कि छिजारसी टोल प्लाजा के पास 132 केवीए ट्रांसमिशन डासना का बिजलीघर है। यहां से खेड़ा बिजलीघर और परतापुर समेत अन्य को सप्लाई दी जाती है। उन्होंने बताया कि शनिवार लाइन ब्रेकडाउन होने के दौरान एसडीएम धौलाना ट्रांसमिशन के बिजली घर पहुंचे और नियम विरुद्ध तरीके से बिना पेट्रोलियम कराए एसएसओ पर लाइन चालू कराने का दबाव बनाया। आरोप है कि एसएसओ के मना करने पर उसके साथ एसडीएम और गनर ने पिटाई की।