आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस में रविवार को महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर महिला और बच्चे को गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
मूलरुप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मुन्ना सैनी आनंद विहार में परिवार के साथ रहता है और मजूदरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। रविवार को मुन्ना अपनी पत्नी ममता देवी के साथ दिवाली और छठ पर्व मनाने के लिए संपर्कक्राति एक्सप्रेस के कोच नंबर एस-6 में सवार होकर अपने घर मुजफ्फरपुर जा रहा था।
जैसे ही ट्रेन पिलखुवा के पास पहुंची तो ममता को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद यात्रियों ने रेलवे कंट्रोल के हेल्पलाइन नंबर पर इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर बाद सहयात्रियों ने महिला का नॉर्मल प्रसव कराया। इसके बाद करीब छह बजे ट्रेन को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रोका गया और जच्चा बच्चा को स्टेशन पर उतारकर एंबुलेंस के माध्यम से गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ.दिनेश खत्री ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ्य है। संवाद