हापुड़। जिले में निजी स्कूल संचालकों ने हापुड़ इंडिपेंडेंट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर आठ अगस्त को सभी स्कूलों को बंद रखने का एलान किया है। निजी स्कूलों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए स्कूल संचालकों ने रविवार को ऑनलाइन बैठक में यह निर्णय लिया है। स्कूल संचालक आठ अगस्त को स्कूल बंद रख डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि आजमगढ़ के एक स्कूल में बच्ची की मौत की घटना दुखद है, लेकिन इसमें स्कूल का कोई हाथ नहीं था। फिर भी जिस तरह बिना जांच स्कूल के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया गया है, वह न्याय संगत नहीं है। कोषाध्यक्ष सुभाष खुराना ने कहा कि स्कूलों संचालकों का उत्पीड़न लगातार बढ़ रहा है, आरटीई में ऐसे छात्रों को दाखिला दिलाया जा रहा है जो गरीब नहीं है। फीस प्रतिपूर्ति के नाम पर भी स्कूलों का शोषण हो रहा है। अभिषेक त्यागी ने कहा कि आजमगढ़ की घटना दुखद है, लेकिन स्कूल पर इस तरह कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। अभिभावकों को हर स्कूल सूचित करता है लेकिन किसी बच्चे को उकसाने का कार्य स्कूल कभी नहीं करते। इस मामले की उचित जांच होनी चाहिए। पदाधिकारियों ने कहा कि आठ अगस्त को जिलेभर के निजी स्कूल बंद रखे जाएंगे। आंदोलन को सफल बनाने के लिए रविवार को ऑनलाइन बैठक रखी गई है। आठ अगस्त को स्कूलों को बंद रख डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।