हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कनिया रोड पर एक स्कूल बस का अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। इससे स्कूल बस सड़क किनारे झाड़ियों में घुसकर पलट गई। हादसे में एक बच्चा घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जर्जर स्कूल बसों का जिले में संचालन बंद नहीं हुआ है, बाबूगढ़ स्थित विकास ग्लोबल स्कूल की एक बस मंगलवार दोपहर बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी। कनिया मार्ग पर बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। जिसके कारण अनियंत्रित बस सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर पलट गई। बस में करीब 12 बच्चे मौजूद थे। मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने बस को सीधा कर बच्चों और स्कूल स्टाफ को निकाला। घायल बच्चे को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि बस बेहद ही जर्जर हालत में थी। जिसका संचालन नियम विरुद्ध किया जा रहा था। मामले में एआरटीओ प्रवर्तन रमेश चौबे ने बताया कि बस की जांच कराई जाएगी। हालांकि विभाग ने ऐसे स्कूल वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाया हुआ है।