हापुड़। दुकान दिलानेे के नाम पर एक दंपती ने मोहल्ला शिवदयालपुरा निवासी दिलशाद से 8.25 लाख रुपये हड़प लिए। बैनामा कराने पर आरोपी मुकर गए और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिलशाद ने बताया कि उसकी जान पहचान मोहल्ला पीरबाउद्दीन निवासी नसीमुद्दीन व उसकी पत्नी रूही से थी। करीब एक साल पहले उसकी इनसे मुलाकात हुई थी। दोनों ने उसे बुलंदशहर रोड पर एक दुकान खरीदने के लिए दिखाई थी। उसने दुकान खरीदने की इच्छा जाहिर की, जिसके बाद दुकान का सौदा 26 लाख रुपये में तय हुआ था। 12 मार्च 2022 को उसने बयाने के तौर पर दंपती को 8.25 लाख रुपये दिए थे। 11 सितंबर 2022 को दोनों ने दुकान का बैनामा उसके नाम कराने का वादा किया, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोनों बैनामा कराने के नाम पर मुकर गए और उसे टरकाते रहे। सख्ती से तगादा करने पर आरोपियों ने पीड़ित से अभद्रता करते हुए हत्या और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। उसने मामले की शिकायत एसपी से की। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।