पिलखुवा। मकान बेचने के नाम पर दंपती ने धोखाधड़ी कर 3.10 लाख रुपये हड़प लिए है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दंपती समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला कृष्णगंज नई आबादी निवासी परवेज अहमद ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके सगीर अहमद से पारिवारिक संबंध है, इसी के कारण उसने सगीर से मकान खरीदने के लिए कहा। सगीर ने वीआईपी स्कूल के पास अपना मकान बेचने की बात कही। मकान का सौदा 45 लाख रुपये में तय होने के बाद परवेज अहमद ने गत 21 अप्रैल 2022 को तीस हजार, 22 अप्रैल 2022 को 70 हजार, 25 अप्रैल 2022 को 50 हजार नकद एवं गत 17 अगस्त 2022 को 1.40 लाख का एक चेक और 10 नवंबर को बीस हजार नकद सगीर अहमद और उसकी पत्नी रिहाना को दिए। बाकी का भुगतान 25 जनवरी 2023 को बैनामा करने पर तय हुआ। आरोप है कि सगीर ने इकरारनामा बाद में कराने की बात कहकर 100 रुपये के स्टॉंप पर लिख दिया था। इसी बीच परवेज को पता चला कि सगीर मकान को अधिक दामों में किसी ओर को बेचना चाहता है। आरोप है कि मकान का बैनामा करने एवं रुपयों का तगादा करने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तथा आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर मोहल्ला गढ़ी, गली नंबर तीन निवासी रिहाना और सगीर अहमद समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।