हापुड़। सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि भाजपा सरकार में 80 फीसदी गुंडे-बदमाश अल्लाह मियां को प्यारे हो गए हैं और बाकी जेलों में बंद हैं। आज व्यापारी बिना डर के देर रात तक अपना व्यापार करते हैं और बिना खौफ के रहते हैं। संगीत सोम रविवार को आर्य नगर में सोम सेना जिला उपाध्यक्ष दीपक सोनी के आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान जो एटम बम की धमकी देता था, आज वह कटोरा लेकर भीख मांग रहा है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण चल रहा है जो जल्द पूरा हो जाएगा, इसके बाद अब श्रीकृष्ण भूमि को भी मुक्ति दिलाई जाएगी। जल्द ही हिंदुस्तान विश्वगुरु कहलाएगा और विश्व में राज करेगा। इस मौके पर सोम सेना के जिलाध्यक्ष विक्रम ठाकुर, कोषाध्यक्ष पीयूष सोनी, सहदेव शास्त्री, योगेंद्र पंडित, आदित्य सूद, शोभित, मुकेश कुमार, राम, मिट्ठनलाल अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल आदि मौजूद रहे।