हापुड़/ पिलखुवा। कांवड़ यात्रा के लिए जिले की पुलिस ने ब्रजघाट आ रहे गंगा पार के कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शनिवार सुबह से ही भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया। भारी वाहनों को छिजारसी व अन्य स्थानों पर रोकने के कारण यहां जाम की स्थिति बन गई। वाहनों को यहां से धौलाना व अन्य मार्गों से निकाला गया। हालात को देखते हुए चालकों ने वाहनों को हाईवे किनारे सर्विस लेन पर खड़ा किया है, जहां वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं।
आगामी 15 जुलाई को महाशिवरात्रि का पर्व है। इसी के चलते दूरदराज के लाखों शिवभक्त गंगोत्री, हरिद्वार, ब्रजघाट समेत अन्य स्थानों से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य को जाना शुरू हो गए हैं। जबकि गंगा पार के शिवभक्त सोमवार के लिए कांवड़ उठाने के लिए बड़ी संख्या में ब्रजघाट पहुंचने शुरू हो गए हैं। जिसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता के लिए हाईवे पर पुलिस ने भारी वाहनों के संचालन पर सुबह से ही रोक लगा दी है। पुलिस द्वारा गाजियाबाद की ओर से आने वाले इन वाहनों को टोल प्लाजा से पहले यू टर्न पर रोक वापस ईस्टर्न पेरीफेरल की ओर भेजा जा रहा है। वाहनों के कट से यूटर्न करने के कारण गति धीमी हो जाती है, जिसके कारण जाम के हालत बने हैं। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि गाजियाबाद की ओर से आने वाले मालवाहक वाहनों को टोल प्लाजा से पहले रोका जा रहा है। अमरोहा, मुरादाबाद, सहारनपुर, बरेली समेत आगे जाने वाले वाहनों को बुलंदशहर, नरोरा, बदायूं होते हुए आगे निकाला जा रहा है।
बारिश में भी डटे रहे पुलिसकर्मी
डायवर्जन के दौरान पुलिसकर्मियों को अपनी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिसे देखते हुए बारिश के दौरान भी पुलिसकर्मी ड्यूटी करते नजर आए। विभाग की ओर से इन पुलिसकर्मियों रेनकोट व छाते दिए गए हैं। ताकि ड्यूटी में बरसात किसी प्रकार की बाधा न बने। एसपी अभिषेक वर्मा ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
24 घंटे मिलेगी मदद, पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
कांवड़ यात्रा को लेकर हापुड़ पुलिस सतर्क है। कांवडिय़ों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जिस पर कॉल करने पर 24 घंटे मदद मिलेगी। यात्रा के दौरान कांवड़ियों व श्रद्धालुओं को इन नंबरों से कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत की जा सकती है। कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम/ हेल्पलाइन के नंबर 0122-3598014, 7839869716 व 9454405126 हैं। इसके लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
एसपी अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार की रात और शनिवार को जनपद में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया महत्वपूर्ण स्थानों, हाईवे आदि पर लगी पुलिस ड्यूटियों, पीआरवी गाड़ियों को चेक किया। रूट डायवर्जन के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।