हापुड़। कांवड़ यात्रा के लिए जिले में आज रात से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन शुरू कर दिया जाएगा। अब हाईवे-9 पर भारी वाहनों का संचालन नहीं होगा। वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हाईवे बार्डर पर रूट प्लान से संबंधित बोर्ड लगाए गए हैं। इनके माध्यम से वाहन चालक बदले हुए रूट प्लान की जानकारी कर सकेंगे। इसके अलावा एसपी अभिषेक वर्मा ने कांवड़ यात्रा में ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिए।
एसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 750 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। सभी पुलिसकर्मियों को उनके दायित्व के बारे में समझा दिया गया है। कांवड़ के लिए जिले में एएसपी मुकेश चंद मिश्रा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जबकि पांच जोन की जिम्मेदारी पांच क्षेत्राधिकारियों को दी गई है। पुलिसकर्मियों के अलावा 350 पुलिस मित्र भी तैनात किए गए हैं। जिले में 30 अस्थाई चौकियां और 34 पिकेट लगाई गई हैं। चौकियों पर पुलिसकर्मी आधुनिक उपकरणों से लैस रहेंगे। रात व बारिश के मौसम के लिए रेन कोट, रिफ्लेक्टर जैकेट, लाइट रॉड आदि से इन्हें लैस किया गया है। बृहस्पतिवार रात से ही इनकी ड्यूटी शुरू कर दी गई हैं।
कांवड यात्रा को लेकर ऐसे रहेगा रूट डायवर्जन
* दिल्ली से मुरादाबाद / बरेली जाने वाला यातायात -
दिल्ली व जनपद गाजियाबाद की ओर से आकर मुरादाबाद बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहन लाल कुआं से दादरी, सिकंदराबाद तथा डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए दादरी जीटी रोड, उतरकर सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर नरौरा, बबराला, बहजोई, डिबाई, चंदौसी के रास्ते होकर मुरादाबाद को जाएंगे। यदि कोई भारी वाहन किसी कारण डासना से छिजारसी टोल प्लाजा पर आता है, तो ऐसे वाहनों को यूटर्न कराकर वापस पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
-हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली एनसीआर से आकर मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर हरिद्वार व देहरादून की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन छिजारसी टोल प्लाजा से निजामपुर फ्लाई ओवर सोना पेट्रोल पंप फ्लाई ओवर ततारपुर चौराहा, टियाला अंडर पास से किठौर, परिक्षितगढ़ मवाना, बहसूमा होते हुए गंतव्य को जाएंगे।
* मेरठ से मुरादाबाद जाने वाला यातायात:-
- मेरठ वाया मवाना रोड मीरापुर बैराज, बिजनौर कोतवाली देहात नगीना धामपुर काठ छजलैट होते हुए मुरादाबाद की जाएंगे।
* मुरादाबाद व उतराखंड (जनपद उधम सिंह नगर, अलमोडा, नैनीताल) से गाजियाबाद, दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात -
- मुरादाबाद वाया छजलैट, कांठ, धामपुर नगीना कोतवाली देहात, बिजनौर मीरापुर बैराज मवाना, परिक्षितगढ, किठौर, टियाला अंडर पास ततारपुर चौराहा सोना फ्लाई ओवर निजामपुर फ़्लाई ओवर छिजारसी टोल प्लाजा होते हुए गाजियाबाद दिल्ली को जाएगा।
- मुरादाबाद से दिल्ली गाजियाबाद की ओर जाने वाले यातायात को जनपद मुरादाबाद से वाया संभल, बबराला, नरौरा, डिबोई, बुलंदशहर सिकंदराबाद होते हुए गाजियाबाद दिल्ली को जाएगा।
* गजरौला से गाजियाबाद, दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात-
- गजरौला चौपला से वाया मंडी धनौरा, चांदपुर, हल्दौर बिजनौर गौरापुर बैराज मवाना परिक्षितगढ़, किठौर टियाला अंडरपास ततारपुर चौराहा, सोना फ्लाई ओवर, निजामपुर फ्लाई ओवर, छिजारसी टोल प्लाजा होते हुए गाजियाबाद, दिल्ली को जाएगा।
- मेरठ से दिल्ली, गाजियाबाद की ओर जाने वाला वाहन टियाला ततारपुर चौराहा होते हुए सोना फ्लाई ओवर, निजामपुर फ्लाई ओवर, छिजारसी टोल प्लाजा होते हुए गाजियाबाद, दिल्ली को जाएगा।