हापुड़। देहात थाना क्षेत्र की दोयमी पुलिस चौकी से मात्र सो मीटर दूर चोरों ने रेडिमेड गारमेंट की दुकान में कूमल कर लिया। दुकान से करीब एक लाख रुपये के कपड़े और 10 हजार रुपए चोरी कर ले गए। सुबह घटना के बारे में लोगों को पता चला। घटना को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
गांव धनोरा निवासी शुभम की दोयमी रोड पर केएस फैशन के नाम से रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। रविवार शाम शुभम दुकान का ताला लगा कर गए थे। सुबह पड़ोस के लोगों ने फोन करके बताया कि दुकान में किसी ने कूमल कर लिया है। दुकान पर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान से एक लाख रुपये के कपड़े व अन्य सामान के साथ करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। दिलचस्प बात यह है कि दुकान पुलिस चौकी से मात्र सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। रात के समय पुलिस किस प्रकार से गश्त कर रही है, इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है। देहात थाना क्षेत्र में ही तीन दिन पहले घटना हुई थी, जिसमें दिन दहाड़े घर में चोरी करने घुसे दो चोरों को लोगों ने ही पकड़कर पुलिस को सौंपा था।
देहात थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जल्दी घटना का खुलासा किया जाएगा।