हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ रोड फ्लाईओवर के पास बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह साइलो प्रथम चौकी पर परिजनों और मोहल्लेवासियों ने पुलिस से आरोपी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हरद्वारी नगर निवासी चरन सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका छोटा भाई चमन सिंह इलेक्ट्रीशियन हैं और वह गढ़ रोड पर स्थित एक दुकान पर काम करता था। बुधवार की रात वह काम खत्म कर अपने दो दोस्त सुमित और सनी के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही बाइक मेरठ रोड स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंची तो तेज रफ्तार एक अज्ञात बस ने बाइक में साइड मार दी। जिससे चमन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुमित और सनी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी बस चालक बस लेकर फरार होने में कामयाब हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। सुबह मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग साइलो प्रथम चौकी पर पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराने और आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र प्रसाद का कहना है कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं, जल्द ही ड्राइवर का पता लगा लिया जाएगा।