धौलाना। पुरानी तहसील मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार दंपती व पुत्र घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव बढ़परा थाना दादरी जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी बबली भाटी पुत्र सुखबीर अपनी पत्नी तथा अपने आठ वर्षीय पुत्र गुड्डू के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी बहन के यहां गांव निजामपुर हापुड़ जा रहे थे। जब वह एनटीपीसी -धौलाना मार्ग स्थित पुरानी तहसील के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। जिसमें गुड्डू की हालत गंभीर है। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।