संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गाजियाबाद के युवक ने गढ़ की किशोरी के साथ सिंभावली के एक होटल में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपी युवक के साथी ने किशोरी के साथ होने वाली दुष्कर्म की घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया। पीडि़ता की मां ने सिंभावली थाने में दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
गढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें उल्लेख कि है कि 15 वर्षीय बेटी की करीब एक साल पहले गाजियाबाद के मुरादनगर के गांव पुरकुर्सी विकास से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हो गई थी। पीडि़ता के अनुसार आरोपी युवक कई बार उसके स्कूल के बाहर भी मिलने आया था। उसने बताया कि 18 जनवरी को आरोपी विकास अपने साथी रोहित फौजी के साथ किशोरी को स्कूल से बहकाकर साथ ले गया और शादी करने की बात कही। जिसकी बातों में आकर किशोरी चली गई। पीडि़ता ने बताया कि सिंभावली के एक होटल में ले जाकर आरोपी विकास ने दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए। शारीरिक संबंध बनाने के दौरान आरोपी विकास के साथी ने मोबाइल में वीडियो भी बना ली। जिसको वायरल करने की धमकी देकर फरवरी और मार्च के माह में फिर से किशोरी को बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीडि़ता की मां ने बताया कि डर की वजह से बेटी ने कोई बात साझा नहीं की। जिसके बाद आरोपी ने एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी बेटी का फोटो एडिट किया और किसी युवक के साथ उसका फोटो पीडि़ता के पिता के फोन पर भेज दिया। जिसके बाद पीडि़ता के पिता को आरोपी युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीडि़ता की मां का आरोप है कि उसकी बेटी को बहका फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाने वाले आरोपी ने वीडियो वायरल कर दी है। साथ ही पीडि़ता को डराया और धमकाया जा रहा है। इस बात का पता चलने पर किशोरी की मां ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि दुष्कर्म, पोक्सो, अप्राकृतिक यौन शोषण, वीडियो वायरल करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी के ब्यान और मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध तरीके से चल रहे होटलों पर आखिर क्यों नहीं होती कार्रवाई
गढ़, सिंभावली, बहादुरगढ़ में दर्जनों होटल मानकों के विपरीत चल रहे हैं। स्कूल की छात्रा के साथ साथ नाबालिग को होटल में बाहर के युवक के साथ किराए पर कमरा देने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई है। इस तरह के होटल पर पुलिस प्रशासन को छापा मारकर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।