पिलखुवा। थाना क्षेत्र के पिलखुवा-शाहपुर फगौता मार्ग पर शुक्रवार देर रात पिलखुवा से दवा लेकर लौट रही मामी और भांजी (नाबालिग) के साथ पांच हथियार बंद बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पाजेब और गहने भी लूट लिए। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
गांव निवासी पीड़िता के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर रात ननिहाल में आई भांजी के पेट में दर्द हो गया। जिसे गांव में दवा दिलाई गई, लेकिन दर्द बंद न होने पर रात में ही पड़ोसी की कार से मामी और भांजी दवा लेने पिलखुवा चले गए। वहां से दवा लेकर लौटते समय गांव से कुछ ही दूर पहले मुख्य मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया।
आरोप है कि हथियारों के बल पर पांचों बदमाशों ने मामी, भांजी के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। चालक ने विरोध किया तो उसे जमकर पीटा, डरा धमका कर बदमाश मामी-भांजी को जंगल में ले गए, जहां पांचों ने दुष्कर्म किया। वहीं बदमाशों ने उनसे 5400 रुपये, चांदी की पाजेब व सोने के कुंडल लूट लिए।
-पुलिस की गश्त पर उठ रहे सवाल- पिलखुवा क्षेत्र में व्यापारियों की हत्या समेत कई संगीन मामले हो चुके हैं, बड़ी बड़ी लूट भी इस क्षेत्र में दहशत फैला रही है। लेकिन पुलिस की गश्त पर अक्सर ही सवाल उठते रहे हैं। इस घटना में भी पुलिस की नाकामयाबी ही सामने आई है, क्योंकि बदमाश बैखोफ सरेराह घटना को अंजाम दे गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
रिश्तेदार पर लगा रहे आरोप, संदिग्ध है मामला-
आपसी विवाद का मामला प्रतीत हो रहा है, तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता दुष्कर्म और लूट का आरोप अपने ही रिश्तेदार पर लगा रही हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
वरुण मिश्रा, सीओ पिलखुवा।
मामला गंभीर, करेंगे सख्त कार्रवाई
यदि इस तरह की घटना हुई है तो बेहद गंभीर है। इसकी जांच कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जानकारी की जा रही है।
मुकेश मिश्र, एएसपी।