हापुड़। गाजियाबाद निवासी महिला को कार से थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर के जंगल लेकर पहुंचे दो युवकों ने नलकूप पर दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिला गाजियाबाद के थाना वेवसिटी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के दौरान पति की नौकरी छूट गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दंपती नौकरी की तलाश कर रहे थे। नौकरी के लिए वह इंद्रापुरम स्थित हैबीटेट सेंटर के कार्यालय पहुंची। जहां उसकी मुलाकात नरेंद्र शर्मा व सुमित कुमार से हुई। जहां उसे नौकरी मिल गई। 30 जुलाई 2021 को दोनों उसे कार में अपनी साथ लेकर हापुड़ के गांव ततारपुर के निकट जंगल में नलकूप पर बहाने से लाए थे। आरोपियों ने तमंचे से आतंकित करते हुए उसे जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह आरोपियों से चंगुल से बचकर वह घर पहुंची। पीड़िता ने थाने में शिकायत की, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। थाना देहात प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि मामले में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।