पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले में एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती को प्रेमजाल में फंसाकर तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो और वीडियो बना ली। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी फोटो वायरल करने की धमकी देकर गर्भपात करने का दबाव बना रहा है। पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने तहरीर देते हुए बताया कि मोहल्ला के युवक ने उसकी पुत्र को प्रेमजाल में फंसा लिया। बेटी को गुप्त स्थान पर ले जाकर तमंचा के बल पर दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो एवं वीडियो बना लिए। आरोप है कि युवक ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। गत तीन अगस्त को युवती को उल्टियां हुई, जांच कराने पर उसके गर्भवती होने का पता चला। जिसके बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई। युवक पीड़िता को गर्भपात कराने का दबाव बना रहा है वहीं ऐसा न करने पर पीड़िता के भाई को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।