पिलखुवा। गंदगी के कारण नाले चोक होने के कारण बरसात का गंदा पानी एनएच-9 पर भर गया। हाईवे पर पानी भरने से मुसाफिरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पालिका कर्मी ट्रैक्टर और पंप लगाकर नालों के पानी को निकालने में जुटे हैं।
हाईवे के दोनों ओर बरसात के पानी निकासी को नाले बने है। लेकिन नालों की साफ-सफाई नहीं होने के कारण वह गंदगी से अटे पड़े है। हल्की सी बूंदाबांदी होते ही नालों का पानी हाईवे पर भर जाता है। मंगलवार सुबह करीब चार बजे पड़ी मूसलाधार बारिश में नाले ओवरफ्लो हो गए, और बरसात का गंदा पानी हाईवे पर भर गया। जिसके कारण वाहन चालकों के साथ मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर हाईवे पर चलने वाले पैदल एवं दो पहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसके उपरांत पालिका ने दो ट्रैक्टर पंप लगाकर नालों से पानी को निाकला। पिलखुवा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी शुभम श्रीवास्तव ने कहा कि शहर से जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए परतापुर रोड पर भी दो पंप लगाए गए है। इसके अलावा मंगलवार को हाईवे पर भरे बरसात के गंदे पानी को दो ट्रैक्टर पंपों को लगाकर निकाला गया है। लोगों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे है।