दस मिनट की बारिश में शहर की सड़कें हुईं जलमग्न
पिलखुवा। दस मिनट की बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया। सड़कों पर एक से डेढ़ फुट तक गंदा पानी भर गया। जिसके कारण लोगों को आवागमन करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। मार्गों पर गंदा पानी भरा होने के कारण कुछ देर के लिए जो जहां था, वह वहीं पर रुक गया।
साफ-सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था बेहतर नहीं होने के कारण बुधवार को दस मिनट की बारिश में पूरा लबालब हो गया। मोहल्ला सद्दीकपुरा, अल्वी नगर, पेंदापुरी, परतापुर रोड़, मंडी तिराहा, शिवाजी नगर, छीपीवाड़ा, डबरिया समेत कई मेहल्ला की सड़कों पर बारिश का गंदा पानी भर गया। रामलीला मैदान में भी पानी भर गया। जिसके बाद लोगों को पानी निकाले जाने का इंतजार करना पड़ा और जहां था वहीं पर खड़ा रहा। राहगीर, ग्राहक एवं दुकानदारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश के बाद से लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिली है। पिछले दो दिन से दिन के समय गर्मी पड़ रही थी।
नगर की सड़क और नालियों की रोजाना साफ-सफाई कराई जाती है, एक साथ तेज बारिश होने के कारण कुछ नीचे मोहल्लों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। अगर कहीं सफाई की दिक्कत है, तो उसे दूर करा दिया जाएगा।
गीता गोयल, पालिकाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पिलखुवा।