हापुड़। बृहस्पतिवार को कृषि विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिले में खाद की 31 दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान रिकार्ड में अनियमितता पर एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। वहीं, पांच को चेतावनी जारी की तथा उर्वरक के 12 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
हापुड़ तहसील क्षेत्र में जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार और तहसीलदार ने 11 दुकानों पर छापे मारे। इन दुकानों से उर्वरक के चार सैंपल एकत्र किए गए। एक दुकान पर जिस कंपनी का माल बेच रहा था, उसका अधिकार पत्र नहीं दिखा पाया, जिसके कारण उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। गढ़ तहसील क्षेत्र में उप कृषि निदेशक डॉ.वीबी द्विवेदी और तहसीलदार गढ़ ने छह दुकानों पर छापा मारा। चार उर्वरक के नमूने लिए, एक दुकानदार को अनियमितता पर नोटिस जारी किया गया। धौलाना तहसील क्षेत्र में अपर जिला कृषि अधिकारी और तहसीलदार धौलाना ने 14 दुकानों पर छापा मारा। यहां से चार नमूने एकत्र किए गए, पांच दुकानदारों को चेतावनी दी गई। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उर्वरक बिक्री के दौरान पॉश मशीन में पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। इसमें अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समस्त दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए।