हापुड़। उपखंड कार्यालय तृतीय क्षेत्र में बिजली चोरी की चेकिंग के नाम पर उगाही के मामले में बुधवार को मुख्य अभियंता ने पटना मुरादपुर पहुंचकर कार्रवाई के दस्तावेज खंगाले। महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में लेकर विभागीय जांच शुरू कराई। नेवर पेड कनेक्शन, बिल वसूली समेत महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही पर तत्कालीन एसडीओ को उनके पद से हटा दिया।
भाकियू के आह्वान पर एक सप्ताह तक किसानों ने पटना मुरादपुर बिजलीघर पर धरना दिया था। एसडीओ पर जरौठी के ग्रामीण से चेकिंग के नाम पर एक लाख रुपये की वसूली का आरोप लगाया था। इस मामले का संज्ञान लेकर एसडीओ तृतीय को उनके पद से हटाकर सहायक अभियंता राजस्व का पदभार सौंप दिया था।
बुधवार को बुलंदशहर से मुख्य अभियंता सीधे पटना मुरादपुर पहुंचे। वहां, चेकिंग संबंधी दस्तावेज की जांच कर, महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। टीम को हर बिंदु पर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। स्थानीय विभागीय अधिकारी इस कार्रवाई को छुपाने में जुटे रहे। बहरहाल, भाकियू के आरोपों में घिरे अधिकारी और कर्मचारियों की समस्याएं अब बढ़ने लगी हैं। इस मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है, क्योंकि एमडी कार्यालय ने भी संज्ञान लिया है।
स्थानांतरण के कई दिन तक सीट पर जमे रहे एसडीओ
किसानों के धरना प्रदर्शन के दौरान 12 जुलाई को ही तत्कालीन एसडीओ सौरभ दीक्षित का स्थानांतरण कर दिया गया था। लेकिन वह अपनी सीट पर फिर भी जमे रहे, इस मामले में भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने अधीक्षण अभियंता से शिकायत की, अब तीन दिन पहले ही उनके स्थान पर सहायक अभियंता राजस्व रहे देवेंद्र सिंह को चार्ज मिला है।
बैठक होने की बात कहते रहे अधिकारी
मुख्य अभियंता के निरीक्षण की चर्चाएं जैसे ही ऊर्जा निगम में तेज हुई। तब कार्रवाई को छुपाने के लिए स्थानीय अधिकारी इस निरीक्षण को बैठक होना बताते रहे, हालांकि बाद में सब कुछ स्पष्ट हो गया।
पिलखुवा एक्सईएन पर एमडी कार्यालय से हुई थी कार्रवाई
पिलखुवा के तत्कालीन एक्सईएन भूपेंद्र सिंह को एमडी कार्यालय से आदेश मिलने पर ही मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध किया गया था और वहीं से उनके निलंबन का आदेश जारी हुआ।
किसानों द्वारा लगाए आरोपों की जांच शुरू
किसानों ने बिजली चोरी के नाम पर उत्पीड़न के मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले की जांच करने पटना मुरादपुर आया था। नेवर पेड कनेक्शन, राजस्व वसूली व अन्य गतिविधियों में खराब कार्यप्रणाली पर तत्कालीन एसडीओ रहे सौरभ दीक्षित का स्थानांतरण कर दिया गया है।वीके मिश्र, मुख्य अभियंता।